ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
वीरचंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में 400 छात्रों के बीच उपनल से भर्ती 568 कर्मचारी मामले की जांच होगी। बृहस्पतिवार को श्रीनगर में विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास के लिए पहुंचे सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि किसी विवि में इतनी बड़ी संख्या में आउटसोर्सिंग से भर्ती निश्चित तौर पर जांच का विषय है।
अमर उजाला के बृहस्पतिवार के अंक में भरसार विवि में हुई उपनल के माध्यम से बंपर भर्ती की खबर प्रकाशित हुई तो मामले में सरकार ने संज्ञान ले लिया। श्रीनगर पहुंचे सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह वाकई बेहद चौंकाने वाला आंकड़ा है। एक विवि, जिसमें छात्रों की संख्या केवल 400 है, वहां 568 कर्मचारी उपनल के माध्यम से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच-पड़ताल की जाएगी। अगर गड़बड़ी सामने आई तो निश्चित तौर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
--
कई अहम पदों पर भी उपनल से भर्ती
भरसार विवि में न केवल गार्ड और माली, बल्कि कई अहम पदों पर भी उपनल के माध्यम से भर्ती की गई है। इसमें कई प्रशासनिक और परीक्षा के गोपनीय विभाग भी शामिल हैं। इस भर्ती की वजह से विवि पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है।