ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
डीएवी महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष और एक निजी स्कूल संचालक के बीच मंगलवार एक रेस्त्रा में मारपीट हो गई। आरोप है कि स्कूल संचालक के साथ आए एक गार्ड ने उन्हें बंदूक दिखाकर डराया भी। एसपी सिटी प्रदीप राय के मुताबिक छात्र संघ अध्यक्ष की तहरीर पर डालनवाला पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी वीडियो की जांच की जा रही है, उसके बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
डीएवी महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष शुभम सिमल्टी ने डालनवाला थाने में तहरीर देकर बताया कि मंगलवार को वह अपने कुछ मित्रों के साथ एक रेस्त्रां में कॉफी पी रहे थे। इसी बीच स्कूल संचालक अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे। शुभम के अनुसार स्कूल संचालक ने आते ही उसके और अन्य साथियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने जब विरोध जताया तो वह मारपीट पर उतारू हो गया। इसी दौरान उसके साथ मौजूद एक गार्ड ने लोगों को बंदूक दिखाकर डराने का प्रयास भी किया। रेस्त्रां स्टाफ और अन्य लोगों के भी विरोध जताने पर स्कूल संचालक साथियों समेत वहां से फरार हो गया।
छात्र नेताओं ने सीओ डालनवाला जया बलूनी से भी मामले की शिकायत की। डालनवाला प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद रहा है। उस बिंदु को भी ध्यान में रखते हुए जांच की जाएगी।