ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
डॉ. किरन सूद को एमकेपी कॉलेज का प्राचार्य नियुक्त करने के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने बुधवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कहा कि संगठन डॉ.सूद को दूसरी बार प्राचार्य बनाने का विरोध करता है। आरोप है कि पूर्व में प्राचार्य रहते हुए डॉ. सूद ने तमाम वित्तीय अनियमितताओं को अंजाम दिया है।
उपाध्यक्ष स्वाति नेगी के नेतृत्व में एनएसयूआई कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और एमकेपी की प्राचार्य डॉ.किरन सूद की नियुक्ति को नियम विरुद्ध बताया। उन्होंने डॉ.सूद पर पहले प्राचार्य रहते हुए कई वित्तीय अनियमितताएं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कॉलेज की वर्ष 2012-13 की ऑडिट रिपोर्ट में सामने आ चुका है कि डॉ.सूद ने विवि अनुदान आयोग से स्वीकृत 50 लाख रुपये के अनुदान के सापेक्ष 45 लाख रुपये को मनमर्जी से खर्च किया है। इससे साफ है कि अनुदान की राशि का बंदरबांट किया गया है। आरोप है कि ऑडिट रिपोर्ट आपत्ति संख्या 1,2,3,4 में प्राचार्य को दोषी बताया गया है। उन्होंने डॉ.सूद को हटाने की मांग की। इस मौके पर पायल, हिना, नसरीन, अदिति, नीलम, तान्या, अस्मिता, रीता आदि मौजूद रहीं।
--
छात्रों के आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। ऑडिट रिपोर्ट का मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है।
-डॉ.किरण सूद, प्राचार्य एमकेपी