ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
प्रदेश के हर जिले में अब एक ई-हॉस्पिटल बनाए जाने की तैयारी है। इससे मरीजों को अस्पताल में रक्त की उपलब्धता और ब्लड ग्रुप की जानकारी घर बैठे मिल सकेगी। ई-हॉस्पिटल सुविधा के बाद रजिस्ट्रेशन के लिए लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। इसके अलावा इन अस्पतालों के सभी काम भी ऑनलाइन होंगे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रदेश के 35 अस्पतालों में टेलीरेडियोलॉजी सेवाओं के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में एक्सरे, सीटी स्कैन, एमआरआई एवं मेमोग्राफी सेवाएं प्रारंभ की गई हैं। इससे मरीजों को लंबी दूरी तय कर विशेषज्ञ चिकित्सालयों में नहीं जाना पडे़गा। टेलीरेडियोलॉजी के माध्यम से ये सेवाएं निकटतम अस्पताल में ही उपलब्ध होंगी। ये सेवाएं हल्द्वानी, अल्मोड़ा, श्रीनगर, नैनीताल, हरिद्वार, पिथौरागढ़ आदि जिलों में शुरू किए जाने के बाद अब प्रदेश के हर जिले में एक ई हॉस्पिटल शुरू किए जाने की तैयारी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक ई हॉस्पिटल में सभी काम ऑनलाइन होंगे। इससे कार्यों में पारदर्शिता आएगी। वहीं मरीजों को भी रजिस्ट्रेशन आदि के लिए लंबी लाइन नहीं लगानी पड़ेगी।
---
शासन ने सभी जनपदों में एक अस्पताल को ई-हॉस्पिटल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए हैं। ई-हॉस्पिटल में दवाएं क्रय करना, दवा की उपलब्धता, मरीजों के रजिस्ट्रेशन आदि कार्य ऑनलाइन होंगे। इसके अलावा अस्पताल में रक्त की उपलब्धता और ग्रुप की जानकारी भी ऑनलाइन मिल जाएगी।
-डॉ.वाईएस थपलियाल, मुख्य चिकित्साधिकारी, देहरादून