ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
चतुर्थ शहीद मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में यूपीसीएल को शिकस्त देकर सचिवालय की टीम ने खिताब अपने नाम कर लिया। शानदार प्रदर्शन वाले आशुतोष विमल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
यूपीईएस में आयोजित फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपीसीएल की टीम 17 ओवर में 140 रनों पर ढ़ेर हो गई। किरण सिंह ने 59 और दीपक मधवाल ने 34 रनों की पारी खेली। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई की संख्या तक नहीं पहुंच सका। सचिवालय के टीएच खान ने चार, आशुतोष विमल ने तीन और कप्तान राकेश जोशी ने दो विकेट चटकाए।
जवाब में खेलने उतरी सचिवालय की टीम ने आशुतोष विमल के 47, अमित घई के 38, टीएच खान के 25 और हरीश सैनी के 15 रनों की बदौलत 15 ओवर में मुकाबला जीत लिया। यूपीसीएल के अक्षय और संतोष ध्यानी ने एक-एक विकेट लिया। आशुतोष विमल को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। इसके अलावा टीएच खान को गेम चैंजिंग मूमेंट, अक्षय कुमार को बेस्ट बॉलर, किरण सिंह को बेस्ट बैट्समैन, अमित घई को बेस्ट विकेटकीपर का खिताब दिया गया।