ब्यूरो /अमर उजाला, देहरादून।
नगर निगम ने वार्डों का खाका तैयार कर लिया है। नगर आयुक्त ने शुक्रवार की शाम जिलाधिकारी को 100 वार्डों के परिसीमन का ड्राफ्ट सौंप दिया। जिसके बाद इसे शहरी विकास निदेशालय भेजा जाएगा। जहां वार्डों को लेकर आपत्तियां सुनी जाएंगी। जिसके बाद शासन परिसीमन को लेकर अंतिम अधिसूचना जारी करेगा।
नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि शुक्रवार शाम वार्डों के परिसीमन का ड्राफ्ट जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से पांच दिनों में वार्डों का परिसीमन का कार्य पूरा किया गया। शहर के 60 वार्डों की संख्या परिसीमन के बाद 72 हो गई है। जबकि 72 गांवों से 28 वार्ड बनाए गए हैं। कहा कि आपत्तियां सुने जाने के बाद शासन की ओर से परिसीमन को लेकर अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी। जिसके बाद वोटर लिस्ट बनाने का कार्य शुरू होगा।
........................
नए वार्ड जो पहली बार निगम में शामिल हुए
रायपुर, नेहरू ग्राम, चंद्रबदनी, लाडपुर (चक रायपुर शामिल), डोभाल चौक, नत्थनपुर एक व दो, मेंहूवाला एक व दो, बालावाला, सेवला कलां, नकरौंदा (बालावाला का कुछ क्षेत्र सम्मिलित), मियांवाला (तुनवाला शामिल), सेवलाखुर्द, हाथीबड़कला (विजयपुर गोपीपुर सम्मिलित)।
..................
शहर के ये वार्ड हुए प्रभावित
बसंत विहार, दीपनगर, कारगी, टर्नर रोड व राजीव नगर को दो वार्डों में बांट दिया गया है। वहीं, इनके हिस्सा को आसपास के वार्डों में जोड़ा गया है। माजरा वार्ड की आबादी अधिक होने के चलते इसे भी छोटा किया गया है। गांधीग्राम और पटेल नगर पश्चिम से कुछ-कुछ भाग हटाकर तीन नए वार्डों का गठन किया गया है। ब्रह्मपुरी वार्ड के भी दो हिस्से किए गए हैं। लक्खीबाग वार्ड का एरिया बड़ा किया गया है। वहीं, पूर्वी पटेल नगर और शिवाजी मार्ग में भी बदलाव किया गया है।