ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
कारगी सब स्टेशन के दो फीडरों में तकनीकी फाल्ट आने से बुधवार को भी बिजली की आंखमिचौली ने उपभोक्ताओं को परेशान किया। इंजीनियर एनक्लेव और ब्राह्मणवाला फीडर में कई जगहों पर जंपर फुुंक गए और लाइटें टूट र्गइं। मरम्मत के बाद दोपहर करीब दो बजे बिजली की नियमित आपूर्ति सुचारु कराई जा सकी।
सोमवार रात तेज हवा के चलते कारगी और कौलागढ़ सबस्टेशन में 33 केवी लाइनें ब्रेक डाउन होने से लोगों को मंगलवार दोपहर तक 13 घंटे बिजली का संकट झेलना पड़ा। कारगी सब स्टेशन में बुधवार को भी तकनीकी फाल्ट आ गया। ट्रांसफार्मरों में पानी घुसने, जंपर फुंकने और लाइन टूटने से इंजीनियर एनक्लेव और ब्राह्मणवाला फीडर में सुबह छह बजे से बिजली की आंखमिचौली शुरू हो गई। कई बार बिजली आई और गुल होती रही।
अधीक्षण अभियंता शैलेंद्र सिंह के मुताबिक, दोनों फीडरों में लाइनें जोड़ने, जंपर बदलने में काफी वक्त लगा। ब्राह्मणवाला फीडर में ट्रांसफार्मर से एलटी लाइनों को जोड़ने में सबसे अधिक समय लगा। दोपहर दो बजे के बाद दोनों फीडरों में बिजली की आपूर्ति बहाल हुई। अधीक्षक अभियंता ने बताया कि दोनों फीडरों में करीब ढाई हजार उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। उन्होंने बताया कि फिर से बारिश और तेज हवा से संकट खड़ा हो सकता है।