थराली। एक घंटे हुई बारिश से थराली-देवाल मोटर मार्ग पर कई जगह मलबा आ गया, जिससे यहां पांच घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही। बाद में लोनिवि ने मलबा हटाकर मार्ग पर यातायात दुरुस्त कराया। वहीं बारिश से तहसील की चार से अधिक ग्रामीण सड़कें भी बंद हो गई हैं।
बुधवार तड़के तीन बजे से शुरू हुई बारिश से थराली देवाल मोटर मार्ग पर सुनगाड़ पुलिया से लेकर सौगांव तक सड़क मलबे से बंद हो गई। यह मलबा सौगांव जूनीधार मोटर मार्ग से बहकर मुख्य मार्ग पर आया, जिससे यहां पर कई वाहन फंस गए। सड़क बंद होने पर जिम्मेदार एडीबी (एशियन डेवलपमेंट बैंक डिवीजन) ने कोई रिस्पांस नहीं दिया। लोगों का कहना है कि थराली-देवाल मोटर मार्ग का सुधारीकरण एडीबी कर रही है, लेकिन बरसात में कहीं भी जेसीबी तैनात नहीं की गई है। ऐसे में लोगों ने लोनिवि के अधिकारियों से सड़क खोलने की मांग की, जिस पर लोनिवि के अधिशासी अभियंता एसके पांडे ने जेसीबी सहित मजदूरों की मदद सुबह आठ बजे सड़क पर आए मलबे को हटवाया। इस दौरान देवाल से देहरादून, थराली, श्रीनगर, गोपेश्वर सहित अन्य स्थानों को जाने वाले वाहन फंसे रहे। यही नहीं बारिश से तहसील की ग्रामीण सड़कें नंदकेशरी-ग्वालदम, खम्पाधार-ग्वालदम, चिड़िगा मल्ला, थराली-पार्था मोटर मार्ग पर भी मलबा आने से बंद हो गई हैं। एसडीएम सीएस डोबाल का कहना है कि बंद सड़कों को जल्द खोलने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।