उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश तीर्थयात्रियों के लिए मुसीबत बनी हुई है। बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ भूस्खलन जोन अभी भी खतरनाक बना हुआ है। रविवार सुबह आठ बजे हाईवे वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु हुआ।
इसके बाद बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा शुरु हुई तो 231 तीर्थयात्री बदरीनाथ पहुंचे, लेकिन दोपहर में करीब दो बजे चट्टान से मलबा और बोल्डर आने से लामबगड़ में हाईवे दोबारा बंद हो गया।
देर शाम तक भी हाईवे वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु नहीं हो पाया। पुलिस प्रशासन की ओर से करीब दो सौ तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ में ही रोक लिया है, जबकि 53 तीर्थयात्री लामबगड़ में करीब तीन किलोमीटर पैदल चलने के बाद फिर वाहनों से अपने गंतव्य को रवाना हुए।
सुरक्षा को देखते हुए करीब 80 तीर्थयात्रियों को पांडुुकेश्वर में ही रोक लिया गया है। हाईवे सुचारु होने पर सोमवार को इन तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ जाने दिया जाएगा।