ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
गैस गोदाम से हुई सिलिंडरों की चोरी के मामले में एक सप्ताह बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। इसको लेकर एलपीजी वितरक संघ में खासा रोष व्याप्त है। संघ पदाधिकारियों ने प्रकरण में सोमवार को एसएसपी से शिकायत करने की बात कही है। संघ पदाधिकारियों के अनुसार यदि जल्द मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो बुधवार को गैस डिस्ट्रीब्यूटर हड़ताल करेंगे।
उल्लेखनीय है कि गत 26 सितंबर को लक्ष्मीपुर स्थित गैस गोदाम के बाहर एक गैस सिलिंडर पड़ा मिला था। जब कर्मचारियों ने देखा तो पता चला कि गोदाम की दीवार में नकब लगाई गई है। इसके बाद कर्मचारियों ने सिलिंडरों की गिनती की, तो गोदाम से 10 सिलिंडर गायब मिले। मामले में गोदाम के मालिक मनीष मित्तल की ओर से सहसपुर थाने में तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर फेडरेशन उत्तराखंड के अध्यक्ष चमन लाल ने कहा कि सोमवार को एसएसपी से मुलाकात कर गोदाम पर गस्त लगाने और गोदाम के लिए सुविधा मुहैया कराने की मांग की जाएगी। इस मौके पर दीपक, मनीष मित्तल, दिनेश मित्तल, विनोद पंवार, मोहन जोशी आदि मौजूद रहे।