ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
राशन की कालाबजारी के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने जिला आपूर्ति कार्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान राजपुर विधानसभा अध्यक्षा सरिता गिरी ने विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। वहीं, उन्होंने तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर डीएसओ को ज्ञापन सौंपा।
बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी की राजपुर विधानसभा अध्यक्षा सरिता गिरी और मसूरी विधानसभा अध्यक्ष विनोद बजाज के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील परिसर स्थित जिला आपूर्ति कार्यालय पहुंचे। जहां राशन की कालाबाजारी के विरोध में प्रदर्शन किया। वहीं डीएसओ विपिन कुमार से मुलाकात कर अवगत कराया कि राशन विक्रेताओं द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सरकारी गोदामों में राशन की घटतौली पकड़ी गई थी, जिसकी जांच के लिए आरएफ सी ने तीन सदस्यीय समिति गठित कर जिला पूर्ति अधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया था। लेकिन, लंबा समय बीत जाने के बाद भी जांच पूरी नहीं हो पाई है। विभागीय अधिकारी इस मामले में लीपापोती कर दोषियों को संरक्षण दे रहे हैं। इसका आप विरोध करती है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द जांच पूरी कर दोषियों को सजा नहीं दी गई तो आप कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
इस दौरान विशाल चौधरी, जितेंद्र पंत, अशोक सेमवाल, विपिन खन्ना, श्यामलाल नाथ, सुधीर पंत, बलविंदर सैनी, रोहित कुमार, शिखा गुप्ता, मीना नागपाल, विनोद पंत समेत अन्य लोग मौजूद रहे।