पलटन बाजार और राजपुर रोड से जल्द से हटेगा अतिक्रमण
-योजना बनाने में जुटी अतिक्रमण हटाओ टास्क फोर्स
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के बाद टास्क फोर्स के हौसले बुलंद हैं। ऐसे में टास्क फोर्स जल्द ही राजपुर रोड और पलटन बाजार से अतिक्रमण हटाने की कवायद में जुटी है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों के विरोध के चलते पलटन बाजार व राजपुर रोड पर कार्रवाई नहीं हो पाई थी।
सिटी मजिस्ट्रेट मनुज गोयल के मुताबिक प्रेमनगर में अभियान अंतिम चरण में है। यहां अतिक्रमण की जद में आए ऊंचाई पर मौजूद करीब 20 भवनों को भवन स्वामियों की ओर से तोड़ा जा रहा है। इसके बाद अगले चरण में राजपुर रोड और पलटन बाजार में अभियान चलाने की तैयारी है।
बता दें, हाईकोर्ट के आदेश के बाद अतिक्रमण हटाओ टास्क फोर्स ने 28 जून से शहर की सड़कों से अतिक्रमण हटाना शुरू किया था। राजपुर रोड, पलटन बाजार और प्रेमनगर बाजार का अतिक्रमण हटाना टीम के साथ ही सरकार के लिए भी चुनौती बन गया था। यहां लाल निशान लगाने के बाद व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। प्रेमनगर में भाजपा के चार विधायक लोगों के पक्ष में धरने पर बैठ गए थे। इसके बाद दो महीने तक मामला ठंडा रहा। इसके बाद 14 सितंबर को चारों जोनों की टीम ने प्रेमनगर बाजार में जेसीबी और पोकलैंड मशीनों के जरिये अतिक्रमण ध्वस्त करना शुरू किया। कुछ व्यापारी विरोध में भी उतरे, लेकिन उनकी एक न चली। वहीं, कैंट विधायक हरबंस कपूर को छोड़कर कोई अन्य विधायक मौके पर नहीं पहुंचा। अब टास्क फोर्स राजपुर रोड और पलटन बाजार का अतिक्रमण को तोड़ने की योजना बना रही है। राजपुर रोड पर 27 जून को लाल निशान लगाए गए थे।
---
प्रेमनगर में मलबा उठाने का कार्य जारी
प्रेमनगर बाजार में मलबा उठाने का कार्य शुक्रवार को भी जारी रहा। नेशनल हाईवे और लोक निर्माण विभाग की ओर से लगाए गए मजदूरों ने काफी मात्रा में मलबा उठाया। मलबा उठाने के बाद सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अलावा चिह्नित किए गए 20 अतिक्रमण के भी जल्द टूटने की संभावना है। सिटी मजिस्ट्रेट मनुज गोयल के मुताबिक अगले सप्ताह में अभियान पूरा कर लिया जाएगा।
पंजाबी महासभा ने व्यापारियों से की मुलाकात
उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को प्रेमनगर बाजार के व्यापारियों से मुलाकात की। महानगर अध्यक्ष पीएस कोचर ने कहा कि सरकार से व्यापारियों के पुनर्वास की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से चकराता रोड के व्यापारियों घंटाघर स्थित एमडीडीए कॉम्प्लेक्स, डिस्पेंसरी रोड के व्यापारियों को राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स और कबाड़ी बाजार के व्यापारियों को हरिद्वार रोड पर शिफ्ट गया है, उसी तरह प्रेमनगर के व्यापारियों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए। इस दौरान हरपाल सिंह सेठी, प्रेमनगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव पुंज, विक्की खन्ना, हरीश नारंग, बलदेव सिंह सहगल, डॉ. मनमोहन सिंह, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।