बिना लाइसेंस के निगम की गाड़ियां चला रहे चालक
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। पौड़ी गढ़वाल समेत राज्य के तमाम इलाकों में हुए हादसों के बावजूद परिवहन निगम के अफसरों ने कोई सबक नहीं लिया है। महाप्रबंधक के सख्त आदेशों के बावजूद परिवहन निगम के कई बस चालक बिना वैध लाइसेंस के ही गाड़ियां चला रहे हैं।
पिछले दिनों परिवहन निगम की ओर से बस चालकों की जांच के लिए अभियान चलाया गया था। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि कई चालकोें के पास ड्राइविंग लाइसेंस ही नहीं थे। इसके अलावा ऐसे चालक भी चिन्हित किए गए जिनके पास ड्राइविंग लाइसेंस तो थे लेकिन उनकी वैधता अवधि दो साल पहले समाप्त हो चुकी थी।
अब इस संबंध में महाप्रबंधक दीपक जैन की ओर से सभी सहायक महाप्रबंधकाें व मंडलीय प्रबंधकों को पत्र लिखा गया है, जिसमें हिदायत दी गई है कि उन्हीं चालकों को गाड़ियां सौंपी जाएं जिनके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस है।
उल्लेखनीय है कि पौड़ी गढ़वाल में हुए बस हादसे में 48 लोगों की मौत के बाद परिवहन निगम महाप्रबंधक की ओर से कई बार एडवाइजरी जारी की गई थी, जिनमें तमाम हिदायतें दी गईं थीं। साथ ही गाड़ियों की फिटनेस जांच करने के साथ ही चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी चेक किए जाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन विभागीय अधिकारी व कर्मचारी एडवाइजरी को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।