ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
ऑटो संचालकों के बाद अब वैन संचालकों ने भी हड़ताल समाप्त कर दी है। आरटीओ के साथ हुई वार्ता के बाद वैन संचालकों ने हड़ताल समाप्त का ऐलान कर दिया। हालांकि वैन संचालकों का कहना है कि वह इस मामले को लेकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। वैन संचालकों की हड़ताल समाप्त होने के बाद प्रशासन के साथ ही अभिभावकों ने भी राहत की सांस ली है।
उल्लेखनीय है कि राजधानी दून के तमाम ऑटो व वैन संचालकों ने हड़ताल कर दी थी। ऑटो व वैन संचालकों की हड़ताल से जहां एक तरफ शहरियों को आवाजाही में दिक्कत हो रही थी, वही हजारों स्कूली बच्चों व अभिभावकों को भी परेशानियों से जूझना पड़ा था। हालांकि ऑटो संचालकों ने एक दिन पूर्व अपनी हड़ताल वापस ले ली थी। जबकि वैन संचालकों ने हड़ताल जारी रखी थी। आखिरकार बुधवार को वैन संचालकों का प्रतिनिधिमंडल कांग्रेसी नेता सूर्यकांत धस्माना की अगुवाई में आरटीओ डीसी पठोई से मिला और समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल की बातों को सुनने के बाद आरटीओ डीसी पठोई ने साफ तौर पर कहा कि इस संबंध में वह कुछ नहीं कर पाएंगे। कारण कि इसे लेकर सुप्रीमकोर्ट ने आदेश जारी कर रखे हैं आखिरकार आरटीओ से हुई वार्ता के बाद वैन संचालकों ने हड़ताल समाप्त करने का ऐलान कर दिया। हड़ताल समाप्त करने के ऐलान के साथ ही जिला प्रशासन परिवहन विभाग के अफसरों के साथ अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। उल्लेखनीय है कि वैन संचालकों की हड़ताल से हजारों स्कूली बच्चों को आने जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वैन संचालित नहीं होने की वजह से अभिभावकों को खुद बच्चों को लेकर स्कूल जाना पड़ रहा था जिससे उन्हें काफी दिक्कतें हो रही थी। हालांकि हड़ताल समाप्त करने के बाद वैन संचालकों का यह भी कहना है कि वह इस संबंध में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।