बर्फीले पानी में तैरकर शुभ ने बनाया रिकॉर्ड
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। दून के शुभ भाटिया ने बर्फीले पानी में 2.9 किमी की दूरी तय कर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया है। उन्होंने अलकट्राज द्वीप से सैन फ्रैंसिसको तक तैराकी की। इस उपलब्धि के लिए उनका नाम इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया है।
शहर के नेशविला रोड निवासी एयरफोर्स में ग्रुप कैप्टन रजनीश भाटिया जून में परिवार समेत अमेरिका गए थे। वहां उनके 16 वर्षीय पुत्र शुभ ने वाटर वर्ल्ड स्विम की ओर से आयोजित इस तैराकी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। रजनीश ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों को बर्फीले पानी में करीब 2.9 किमी की दूरी तय करनी थी। यही नहीं, उस पानी में काफी संख्या में शार्क भी थीं। 119 अन्य प्रतिभागियों के साथ शुभ ने भी तैराकी का यह अभियान पूरा किया।
उन्होंने बताया कि बर्फीले पानी और वहां शार्क होने का पता चलने पर पूरा परिवार डर गया था लेकिन शुभ ने हौसला नहीं खोया। उन्होंने बताया कि वह एयरफोर्स स्कूल दिल्ली में 12वीं कक्षा का छात्र है। इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से कुछ दिन पूर्व उन्हें शुभ का नाम शामिल किए जाने की सूचना मिली है।