ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राजपुर रोड स्थित होटल में बृहस्पतिवार को उत्तराखंड इंडस्ट्रीय वेलफेयर एसोसिएशन (यूआईडब्ल्यूए) की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसम अनिल मारवाह को एसोसिएशन के नए अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। कारपोरेट मीट के दौरान बृहस्पतिवार को चुनाव अधिकारी कर्नल रूप कुमार शर्मा (रिटा.) ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की।
इसमें पवन अग्रवाल प्रदेश महासचिव, अंकुर सिंघल प्रदेश कोषाध्यक्ष, केके अग्रवाल प्रदेश उपाध्यक्ष, सुनील उनियाल प्रदेश उपाध्यक्ष, जितेंद्र कुमार प्रदेश उपाध्यक्ष और पंकज गुप्ता प्रदेश सचिव चुने गए। इसके अलावा जेपी गर्ग को देहरादून चैप्टर चेयरमैन, प्रदीप गुप्ता को भगवानपुर चैप्टर चेयरमैन, अचनित जैन को पौड़ी चैप्टर चेयरमैन और दिलीप सिंह खेतवाल को बागेश्वर चैप्टर चेयरमैन चुना गया। जल्द ही रुद्रपुर और हरिद्वार चैप्टर के चेयरमैन की घोषणा भी की जाएगी। इस मौके पर नवनियुक्त अध्यक्ष ने प्रदेश और उद्योगों के हित में काम करने की बात कही है। अनिल मारवाह ने कहा कि सेलाकुई में चार साल से बिजली आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। इसके लिए जल्द ही सरकार से सेलाकुई में 220 केवीए के सब स्टेशन की मांग की जाएगी। इसके अलावा उद्योग मित्रों की नियमित बैठक, प्रस्ताव पर कार्रवाई सुनिश्चित कराने और दून से लेकर रुद्रपुर तक, उद्योगों की हर समस्या के लिए समाधान के प्रयास करने का किया जाएगा। इस मौके पर एसोसिएशन के संरक्षक महेश शर्मा, उद्योगपति राकेश भाटिया सहित प्रदेशभर से उद्योगपति मौजूद रहे।