ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
ईद-उल-फितर के पवित्र त्योहार को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी है। रमजान के चौथे जुमे पर शहर के तमाम बाजारों में कपड़े, जूते और अन्य सामान की खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ी। जिससे बाजार गुलजार नजर आए। लोगों की भीड़ उमड़ने से व्यापारियों के चेहरे खिले हैं।
शुक्रवार को बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग और महिलाएं पलटन बाजार समेत अन्य बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचे। यहां उन्होंने कुर्ता, सूट, जूते और सिवई समेत अन्य जरूरी सामान की खरीदारी की। वहीं, दर्जियों की दुकानों पर कई तरह के कुर्ते सिलवाने के लिए भी युवाओं की भीड़ नजर आई। इसके अलावा धामावाला, झंड़ा बाजार, आढ़त बाजार आदि में भी खरीदारी को लोगों की खासी भीड़ रही।
..........................
डिजाइनर कुर्तों की भारी मांग
पलटन दुकानदार जोहेब अली खान ने बताया कि इस बार सूती, पठानी, लखनवी और चिकन के कुर्तों की युवाओं में भारी मांग है। बताया कि युवाओं की मांग को देखते हुए मुंबई, लखनऊ, रायपुर, दिल्ली आदि से डिजाइनर कुर्ते मंगवाए गए हैं। बताया कि पठानी कुर्ते एक हजार से लेकर दस हजार तक उपलब्ध है। वहीं, खादी के शौकीन भी खादी उद्यान केंद्र पर भी पहुंचने लगे है।
....................
रेडीमेड कपड़ों की ज्यादा डिमांड
ईद के चलते बाजारों में खरीददारी जोरों पर चल रही है। जहां रमजान माह के समापन को लेकर रेडीमेड कपड़ों की डिमांड ज्यादा देखने को मिल रही है। लोग अपने बच्चों के लिए रेडीमेड कपड़े ही ज्यादा खरीद रहे हैं। वहीं, बाजारों में कोल्हापुरी चप्पलों का भी खासा क्रेज देखने को मिल रहा है।
.............