ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए टी-20 सीरीज के पहले मैच में 45 रन से हार का सामना करने वाली बांग्लादेश की टीम आज दूसरे मैच में बदला लेने के इरादे से मैदान में उतरेगी। तैयारियों को पुख्ता करने के लिए बांग्लादेश की टीम ने सोमवार को करीब दो घंटे मैदान पर जमकर पसीना बहाया। जबकि, पहला मैच जीतकर सीरीज में 1-0 से आगे चल रही अफगानिस्तानी टीम के खिलाड़ियों ने अभ्यास के बजाय सोमवार को आराम करना मुनासिब समझा।
रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज मंगलवार को रात आठ बजे से तीन मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। पहले मैच में हार के बाद बांग्लादेश की टीम अब अफगानिस्तान को कोई मौका नहीं देना चाहती है। यही वजह है कि टीम के खिलाड़ियों ने सोमवार को स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया। खिलाड़ियों ने गेंदबाजी, बल्लेबाजी के साथ ही क्षेत्ररक्षण का भी अभ्यास किया। कोच कोर्टनी वाल्श के साथ बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन मंत्रणा करते दिखाई दिए। उधर, पहला मैच जीतने के बाद उत्साहित अफगानिस्तानी टीम के खिलाड़ियों ने सोमवार पूरे दिन होटल में आराम किया।
--
राशिद के लिए रणनीति बनाएगा बांग्लादेश
पहले मैच में अफगानिस्तान के जीत के हीरो रहे स्पिनर राशिद खान के खिलाफ बांग्लादेश की टीम आज रणनीति बनाकर मैदान में उतरेगी। रविवार को खेले गए मैच के 11वें ओवर में राशिद ने मुशफिकुर रहीम और सब्बीर रहमान को आउट कर मैच का रुख मोड़ दिया था। ऐसे में बांग्लादेश की टीम दूसरे टी-20 में उनके खिलाफ कारगर नीति के साथ उतरेगी।
--
अफगानिस्तान की टीम
मो. असगर स्टैनिकजई (कप्तान), मोहम्मद शहजाद, उस्मान घनी, नजीबुल्लाह जदरान, समीउल्लाह शिनवारी, शफीकुल्लाह शफक, दारविश रसूली, करीम जनत, मोेहम्मद नबी, गुलबदीन, राशिद खान, शरफुद्दीन, मुजीब उर रहमान, शापूर जदरान, आफताब आलम में से।
--
बांग्लादेश की टीम
शाकिब अल हसन (कप्तान), तमीम इकबाल, लिट्टन कुमार दास, सौम्य सरकार, मुश्फिुकर रहीम, महमूद उल्लाह, शब्बीर रहमान, मुसद्दक हुसैन, रुबेल होसेन, मो. मेहंदी हसन मिराज, आरिफुल हक, नजमुल इस्लाम, अबू हैदर, अबू जायद, मुस्तफिजुर रहमान।