जेईई मेन में एक समान होगा पेपर
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) मेन में प्रश्न पत्र एक समान होगा। न तो पैटर्न में कोई बदलाव होगा और न ही प्रश्नों की कठिनता के स्तर में कोई तब्दीली की गई है। सीबीएसई ने परीक्षा से ठीक पहले यह जानकारी जारी की है। साथ ही यह भी बताया है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग होनी है। लिहाजा, केंद्रों के दरवाजे परीक्षा से ढाई घंटे पहले खुल जाएंगे।
जेईई मेन ऑफलाइन का आयोजन आठ अप्रैल और ऑनलाइन का आयोजन 15 और 16 अप्रैल को होगा। परीक्षा 9:30 बजे शुरू हो जाएगी। इससे पहले सात बजे से सभी परीक्षा केंद्रों के दरवाजे खुल जाएंगे। सभी केंद्रों पर सघन चेकिंग के बाद ही एंट्री मिलेगी। परीक्षा का ड्रेस कोड लागू रहेगा। लिहाजा, सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा से ठीक पहले ड्रेस कोड से संबंधित जानकारी लेनी जरूरी है। इसमें हल्के रंग के कपड़े, जूतों के बजाए खुले चप्पल, नोजपिन और घड़ी पहनने पर प्रतिबंध शामिल है।
जेईई मेन में हालांकि अंतिम एंट्री 9:30 बजे की रखी गई है लेकिन अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वह परीक्षा के लिए समय से पहुंच जाएं। बोर्ड ने यह भी साफ कर दिया है कि परीक्षा का पैटर्न पुराने वर्षों के जैसा ही होगा। पैटर्न में कोई भी तब्दीली नहीं की गई है। सवालों की कठिनता का स्तर भी परीक्षा के सभी प्रश्न पत्रों में समान होगा। यानी किसी छात्र को चाहे ए सेट मिले या डी, सभी में प्रश्न समान आएंगे। परीक्षा विशेषज्ञ वैभव राय के मुताबिक अभ्यर्थियों को चाहिए कि वह परीक्षा के लिए कम से कम दो घंटे पहले पहुंच जाएं। देरी से पहुंचने पर पेपर छूटने या एंट्री न मिलने की समस्या का सामना करना पड़ सकता है।
दो पालियों में होगी ऑनलाइन परीक्षा
जेईई मेन ऑनलाइन परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी।