ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
उत्तराखंड के अभिमन्यु का बीसीसीआई की बोर्ड ट्रॉफी में शानदार फॉर्म जारी है। देवधर ट्रॉफी में उनकी 69 रनों की शानदार पारी की बदौलत इंडिया बी ने कर्नाटक को शिकस्त दी। इस पारी के साथ ही अभिमन्यु बोर्ड ट्रॉफी में अब तक 1672 रन जोड़ चुके हैं।
देहरादून निवासी अभिमन्यु ने यहीं क्रिकेट का ककहरा सीखा। पिता आरपी ईश्वरन की देखरेख में उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया। बेटे के शौक को देखते हुए पिता ने भी उन्हें आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी और अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के माध्यम से उनके खेल को तराशा। अभिमन्यु ने भी अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें निराश नहीं किया। एक के बाद प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अभिमन्यु इंडिया बी टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। अब उनका अगला लक्ष्य भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बनना है, जिसके लिए वह जीतोड़ मेहनत भी कर रहे हैं। अभिमन्यु ने रणजी ट्रॉफी की 12 पारियों में 564, विजय हजारे ट्रॉफी के पांच मैचों में 281, दिलीप ट्रॉफी के दो मैचों में 148 रन बनाए। इसके अलावा इंडिया ए के लिए खेलते हुए उन्होंने दो मैचों में 132 रन बनाए। अपने शानदार प्रदर्शन के चलते वह भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं।