ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
उत्तरांचल वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ इंजीनियर्स एंड ड्राफ्टमैन के बैनर तले आर्किटेक्टों ने शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक से मुलाकात कर विभिन्न समस्याएं रखी। उन्होंने कहा कि ड्राफ्टमैन को पहले की तरह 250 वर्ग मीटर से बड़ा नक्शा बनाने की अनुमति फिर से मिलनी चाहिए।
बुधवार को अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा और महासचिव सुनील घिल्डियाल के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री से मुलाकात कर उन्होंने कहा कि बिल्डिंग बायलॉज की नियमावली में कुछ त्रुटियां हैं। जून 2016 से ड्राफ्टमैन को 250 वर्ग मीटर पर केवल आवासीय नक्शा बनाने का शासनादेश जारी किया गया, जिससे नुकसान हो रहा है। उन्होंने शासनादेश संशोधित कर पहले की तरह नक्शा बनाने की अनुमति देने की मांग की। साथ ही महानगर के मास्टर प्लान में लैंड यूज की गड़बड़ियों को सुधारने को कहा। उन्होंने बायलॉज तैयार करते समय प्राधिकरण अभियंताओं और आर्किटेक्ट संगठन को साथ लेकर एक ही बार नियमावली बनाने और लाइसेंसी सुपरवाइजरों को भी उडा में ही पंजीकृत करने की मांग की। कैबिनेट मंत्री ने उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। मुलाकात करने वालों में संजय गुसांई, स्वदेश सिंह, पीयूष रुहेला, नकुश चौहान, सुधा प्रजापति, रेखा कुंडू, नरेंद्र रौथाण, कुलदीप पुंडीर शामिल रहे।