आखिर कब पूरा होगा लालपुल के पास पुल निर्माण कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
साहिया।
विभागीय हीलाहवाली के चलते अब तक कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर लालपुल के पास चल रहे पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। निर्माण कार्य पूरा न होने से अक्सर यहां जाम की स्थिति बनी रहती है।
ब्रिटिशकाल में लालपुल के पास पुल का निर्माण किया गया। लेकिन अब यह पुल जर्जरहाल में है। जिसकी जगह विभाग ने तीन साल पूर्व नए पुल का निर्माण कार्य शुरू किया। लेकिन विभागीय हीलाहवाली के चलते अब तक इस पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। स्थानीय निवासी अर्जुन सिंह तोमर, वीरेंद्र सिंह तोमर, टीकम सिंह, कुंदन सिंह आदि का कहना है कि विभाग की कछुआ चाल लोगों पर भारी पड़ रही हैं। लंबे समय से निर्माण कार्य बंद पड़ा हुआ है। अभी जिस वैकल्पिक पुल से लोग आवाजाही करते हैं। पुल से एक समय में एक ही वाहन गुजर पाता है। जिस कारण अक्सर यहां जाम लग जाता है। उन्होंने बताया कि यदि विभाग जल्द ही पुल का निर्माण कार्य शुरू नहीं करते तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। लोनिवि साहिया के प्रभारी अधिशासी अभियंता डीपी सिहं ने कहा कि बजट कमी के चलते निर्माण कार्य रोका गया है। बजट आवंटित होते ही निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी।