ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
दक्षिण दिल्ली नगर निगम की टीम बृहस्पतिवार को अध्ययन करने केदारपुरम स्थित नगर निगम के एबीसी सेंटर पहुंची। टीम ने एबीसी सेंटर में आवारा कुत्तों के बधियाकरण और रेबीज रोधी टीकाकरण की जानकारी ली।
टीम में दिल्ली नगर निगम के पशु चिकित्सा सेवा निदेशक डॉ. आरबीएस त्यागी, पशु चिकित्सक डॉ. वीके सिंह और डॉ. अखिलेश कमल शामिल है। टीम के देहरादून पहुंचने पर नगर निगम देहरादून के नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे के निर्देश पर एबीसी सेंटर के डॉ. वी सती ने दिल्ली से पहुंची टीम को एबीसी सेंटर के टीकाकरण कार्यक्रमों की जानकारी दी। डॉ. सती ने कहा कि पूर्व में बिहार और झारखंड से भी टीमें एबीसी सेंटर में अध्ययन के लिए आ चुकी हैं। डॉ. सती ने कहा कि देहरादून में 10181 आवारा कुत्तों का बधियाकरण एवं टीकाकरण किया जा चुका है। इससे आवारा कुत्तों की तेजी से बढ़ने वाली जनसंख्या नियंत्रित हो गई है। इससे पशु क्रूरता के प्रकरणों पर अंकुश लगा है।