ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून।
शहर के कुछ युवाओं ने गरीब बच्चों के पढ़ाई के सपने को साकार करने का बीड़ा उठाया है। ये छात्र गरीब बच्चों को मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराएंगे, साथ ही महिलाओं को आर्ट एंड क्राफ्ट की बारीकियां सिखाकर उन्हें सशक्त बनाएंगे। इन युवाओं ने रविवार को प्रेमनगर स्थित वाल्मीकि बस्ती में एक स्टडी सेंटर खोलकर अपने इस अभियान की शुरूआत की है।
दरअसल, युवाओं ने गरीब बच्चों को शिक्षा मुहैया कराने को बिल्डिंग ड्रीम्स फाउंडेशन बनाया है। इसी के तहत रविवार को प्रेमनगर वाल्मीकि बस्ती में एक स्टडी सेंटर की शुरूआत की। फाउंडेशन की सदस्य सुरभि जायसवाल, जूही पांडेय, सैय्यद असना, अनूप कुमार, शीतल नेगी, मनीषा और रंजीत बार ने बताया कि सेंटर में बस्ती के गरीब बच्चों को कंप्यूटर समेत अन्य तरह की शिक्षा मुफ्त दी जाएगी। साथ ही प्रोजेक्टर और विज्ञान मॉडलों के माध्यम से भी उन्हें पढ़ाया जाएगा। महिलाओं को आर्ट एंड क्राफ्ट की बारीकियां भी सिखाई जाएगी। वहीं, बच्चों के लिए डांस और इंग्लिश स्पीकिंग की भी कक्षाएं चलेगी। फाउंडेशन सदस्यों ने लोगों से उनके इस अभियान में जुड़ने की अपील की है, ताकि वे ज्यादा से ज्यादा बच्चों को शिक्षा मुहैया करा सके। इससे पहले सेंटर का शुभारंभ वाल्मीकि समाज के प्रधान आशीष देसाई, राहुल कर्नवाल, अमित कुमार ने किया। इस दौरान कैलाश वाल्मीकि, राजीव और अंकित समेत बड़ी संख्या में बच्चे और महिलाएं मौजूद थी।