ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
देश में पहली बार आयोजित की गई राष्ट्रीय बोसिया प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल तीसरा स्थान हासिल किया। उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण समेत कुल छह पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों के वापस पहुंचने पर मंगलवार को उनका अभिनंदन किया गया।
राष्ट्रीय बोसिया एसोसिएशन के तत्वावधान में आगरा के बलूनी पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय राष्ट्रीय बोसिया प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 18 राज्यों के 450 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में महाराष्ट्र ओवरऑल पहले, उत्तर प्रदेश दूसरे और उत्तराखंड तीसरे स्थान पर रहा। मंगलवार को प्रदेश के खिलाड़ियों के वापस लौटने पर सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में उनको सम्मानित किया गया।
स्कूल के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने बताया कि अंडर-11 में तुषार खत्री, अंडर-17 में स्वराज बिजल्वाण व सलोनी सिंह और अंडर-19 में मानसी राणा ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं अंडर-11 में आस्था जगूड़ी और अंडर-13 में श्रेया बहुगुणा ने रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने बताया कि बोसिया मूलत: इटली का खेल है, जिसे 2022 के ओलंपिक के संभावित खेलों में भी शामिल किया गया है। इसके बाद से ही दुनिया के अलग-अलग देशों में बोसिया काफी प्रचलित हो रहा है। इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य अलका राणा, कविलास नेगी, गिरिश चमोली समेत अन्य शिक्षक व छात्र मौजूद रहे।