दून रेलवे स्टेशन पर टिकट बुकिंग में नहीं होगी परेशानी
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। दून रेलवे स्टेशन पर प्रत्येक रविवार को दोपहर बाद दो टिकट बुकिंग काउंटर खुलेंगे। ताकि टिकट बुक करने के लिए लोगों को लंबी लाइन में खड़ा नहीं पड़े। इसके लिए रेलवे ने प्र्रस्ताव तैयार कर मंडल कार्यालय को भेजा है। अतिरिक्त स्टॉफ उपलब्ध होते ही काउंटर की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही यात्री विश्राम गृह के पुराने बेड बदले जाएंगे।
रविवार को रेलवे के सीनियर डीसीएम (प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक) विवेक शर्मा ने दून स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर सफाई व्यवस्था के साथ ही यात्रियों की सुविधाओं पर बारीकी से जायजा लिया। विश्राम गृह में पुराने बेड देख कर डीसीएम ने अधिकारियों को सभी पुराने बैड बदल कर स्टील के नए बेड लगाने के आदेश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाए। अधिकारियों ने डीसीएम को अवगत कराया कि देहरादून में अधिक लोग सरकारी सेवाओं में होने के कारण रविवार को ही रिजर्वेशन कराने के लिए आते हैं। लोगों की सुविधा के लिए पहले दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक एक ही काउंटर खोला गया, जिस पर काफी भीड़ होती है। लिहाजा, रविवार को दूसरा काउंटर खोलने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
डीसीएम ने आश्वासन दिया कि स्टॉफ उपलब्ध कराने के बाद जल्द ही फैसला लिया जाएगा। उन्होंने देहरादून से चलने वाली ट्रेनों का समय पर संचालन, सुरक्षा व्यवस्था के साथ दून स्टेशन के विस्तारीकरण योजना की प्रगति पर अधिकारियों ने जानकारी ली। डीसीएम ने प्रत्येक प्लेटफार्म पर यात्रियों के बैठने, पीने के पानी के साथ ही सफाई व्यवस्था को देखा। निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक करतार सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद थे।