शौर्य दिवस पर सैनिकों की वीरता को किया याद
-- राइंका रायवाला के छात्र-छात्राओं ने निकाली रैली
-- पूर्व और अर्द्ध सैनिक संगठन ने किया वीर नारियों को सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
रायवाला। पूर्व और अर्द्ध सैनिक संगठन रायवाला ने शौर्य दिवस के मौके पर वीर नारियों को सम्मानित किया। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने सहयोग राशि एकत्र कर गौहरीमाफी निवासी मृतक लक्ष्मण सिंह कलूड़ा की पत्नी संगीता को भेंट की। उधर, राइंका रायवाला के छात्राओं ने भी शौर्य दिवस पर ग्रामसभा में रैली निकाली।
शनिवार को पूर्व और अर्द्ध सैनिक संगठन पंचायत घर के समीप कार्यालय में शौर्य दिवस पर बैठक आयोजित की। संगठन अध्यक्ष मातबर सिंह पंवार ने शौर्य दिवस के इतिहास पर प्रकाश डाला। बताया कि बंगाल की लड़ाई में विजय प्राप्त करने की खुशी 16 दिसंबर को शौर्य दिवस मनाया जाता है। बैठक में गौहरीमाफी निवासी मृतक लक्ष्मण सिंह कलूड़ा की पत्नी संगिता को संगठन सदस्यों ने सहयोग राशि 14,751 रुपये की धनराशि भेंट की। बैठक में अन्य क्षेत्रों से आए पूर्व सैनिकों ने भी संगठन की सदस्यता ली। शूरवीर पंवार, गंगा प्रसाद उनियाल, हर्षमणि लस्यिल, सोबन सिंह कैंतुरा, एचएस दानू, राजेश जुगलान आदि रहे।
राजकीय इंटर कॉलेज रायवाला के छात्र-छात्राओं ने भी शौर्य दिवस के अवसर पर ग्रामसभा में रैली निकाली। उन्होंने लोगों को नारों और तख्तियों पर लिखे श्लोगनों के माध्यम से शौर्य दिवस से अवगत कराया। इसके बाद कॉलेज में राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयनित छात्रा अविनाश मल्होत्रा को सम्मानित कर शुभकामनाएं देकर रवाना किया गया। मौके पर एसएस नेगी, सत्ये सिंह राणा, डीएल शर्मा, प्रमोद कंडवाल, जितेंद्र यादव, धूम सिंह खंडेवाल, मंजू धामी, वंदना, सीमा, सुहानी, रिशिका, निशांत, अमित कुमार आदि मौजूद थे।