जोशीमठ (ब्यूरो)। हेलंग-उर्गम मोटर मार्ग बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी वाहनों की आवाजाही के लिए नहीं खुल पाया है। मंगलवार रात को भारी बारिश के दौरान हेलंग से दो किमी की दूरी पर पावर हाउस के पास चट्टान का एक हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गया था।
बृहस्पतिवार को पीएमजीएसवाई के मजदूरों ने कंप्रेशर की मदद से बोल्डर तोड़ने में जुुटे, लेकिन दिनभर बारिश होने के कारण सड़क खोलने का काम प्रभावित हुआ। पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता प्रकाश चंद्र बडोला ने बताया कि बोल्डर गिरने से सड़क की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। यहां दीवार बनाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार शाम तक सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
फोटो
जेसीबी का तेल खत्म, नहीं खुल पाया मार्ग
देवाल। लगातार हो रही बारिश के कारण देवाल-खेता मोटर मार्ग दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी नहीं खुल पाया। हालांकि बुधवार शाम को जेसीबी ने सड़क खोलने का काम शुरू कर दिया था लेकिन थोड़ी देर में ही जेसीबी का तेल खत्म हो गया है। इसके चलते बृहस्पतिवार को भी सड़क से मलबा नहीं हट पाया।
बुधवार सुबह पांच बजे देवाल-खेता मोटर मार्ग मेलखेत इंटर कालेज के पास मलबा आने से बंद हो गया था। मेलखेत के क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा जोशी ने बताया कि मार्ग बंद होने से सूयालकोट घाटी के हरमल, चोटिंग सहित एक दर्जन से अधिक गांवों का आवागमन दो दिनों से ठप है। दूसरी ओर पीएमजीएसवाई के ईई बीएस रावत ने बताया कि आपरेटर को तेल उपलब्ध करा दिया गया है। शुक्रवार तक मार्ग खुलने की उम्मीद है।