अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
दूसरे दिन भी कांवड़ मेला क्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी रहा। हल्का विरोध भी हुआ, लेकिन पुलिस ने एक न सुनी। दिनभर चले अभियान के बाद बाजार से लेकर रोडीबेलवाला मैदान तक की सूरत बदली दिखाई दी।
शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट जयभारत सिंह, एसपी सिटी ममता वोहरा, सीओ सिटी प्रकाश देवली की अगुवाई में बड़ा बाजार, मोती बाजार, सब्जी मंडी से अतिक्रमण हटाया गया। पुलिस अफसरों ने दुकानों के बाहर पसरे अतिक्रमण को लेकर व्यापारियों को खरी खरी सुनाई। यहां के अलावा दूसरी टीम ने रोडीबेलवाला मैदान को साफ किया। पुलिस फोर्स को देखकर अतिक्रमणकारी अपनी अपनी रेहड़ी लेकर भाग खड़े हुए। जेसीबी से कई अवैध रेस्टोरेंट और ढाबे ढहा भी दिए गए। यहां कांग्रेसी नेता सत्यनारायण शर्मा ने विरोध भी करना चाहा, लेकिन प्रशासनिक अमले ने एक न सुनी। यहां से होकर सीधे प्रशासनिक अमला पंतद्वीप मैदान में पहुंचा। वहां भी बने ढाबे ढहा दिए गए। यहां एसडीएम मनीष सिंह, निरीक्षक टीएस राणा खुद मौजूद रहे। नगर पुलिस अधीक्षक ममता वोहरा ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई है यदि फिर से अतिक्रमण होता है तो कार्रवाई होना तय है। बताया कि नगर निगम ने अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त भी किया है।