तिलवाड़ा। एलोपैथिक अस्पताल के पीछे की सुरक्षा दीवार का पुस्ता ढहने से निकट के आवासीय मकानों को खतरा पैदा हो गया है। भवन स्वामियों ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द क्षतिग्रस्त पुस्ता के पुनर्निर्माण की मांग की है।
बीते सोमवार रात्रि को हुई मूसलाधार बारिश में अस्पताल भवन के पीछे करीब 50 मीटर लंबे व दस मीटर ऊंचे पुस्ते का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया। स्थानीय संजय गोदियाल, कमल सिंह आदि ने विधायक भरत सिंह चौधरी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराते हुए जल्द निर्माण की मांग की है। इस पर विधायक चौधरी ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पुस्ते का निरीक्षण किया। कहा कि बरसात के चलते यह स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जल्द निर्माण के लिए कहा है। ब्यूरो