भाजपा महानगर अध्यक्ष समेत सात को नोटिस
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। भाजपा के महानगर अध्यक्ष समेत सात नेताओं को निर्वाचन आयोग ने आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में नोटिस भेजा है। इस नोटिस का उन्हें तीन दिनों के भीतर जवाब देना होगा। जवाब न देने पर सातों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा सकती है।
मामला धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के राजीव नगर स्थित एक मकान पर बनी वॉल पेंटिंग का है। रविवार को निर्वाचन आयोग को सी-विजिल एप पर शिकायत मिली थी कि किसी ने भवन की दीवार पर भाजपा से संबंधित एक पेंटिंग बनाई है। इस मामले की 100 घंटे की समयावधि के भीतर जांच की गई और जिम्मेदार लोगों को नोटिस जारी किया गया। उपजिलाधिकारी सदर (सहायक रिटर्निंग ऑफिसर) कमलेश मेहता ने बताया कि इस मामले में भाजपा के महानगर अध्यक्ष, महिताब सिंह नेगी, राजेंद्र सिलोड़ी, सुषमा मैंदोलिया, अंजलि पंत, रणजीत भंडारी और गणेश सिलमाना को नोटिस भेजा गया है। इन सभी नेताओं के नाम इस वॉल पेंटिंग में शामिल हैं। तीन दिन के भीतर इस मामले में जवाब देना होगा। जवाब न देने पर इनके खिलाफ लोक संपत्ति विरुपण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा सकता है।