ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
उत्तराखंड अधिकारी, कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के आह्वान पर शिक्षकोें, कर्मचारियों ने मंगलवार को काला फीता बांधकर विरोध जताया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुुसार डाकपत्थर, विकासनगर, कालसी, हरबर्टपुर, मसूरी, ऋषिकेश, डोईवाला के अलावा राजधानी में शिक्षकों ने विरोध जताया।
दूसरी ओर उत्तराखंड अधिकारी, कर्मचारी समन्वय शिक्षक समिति की बैठक यमुना कॉलोनी स्थित संघ भवन में हुई। इसमें वक्ताओें ने एसीपी का शिथिलीकरण किए जाने, उत्तराखंड अटल आयुष्मान योजना में सरकारी अस्पतालों का प्रतिबंध हटाने, वाहन चालकों को 4600 ग्रेड पे देने, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 4200 ग्रेड पे देने समेत कई मांगों को प्रमुखता से उठाया। समिति के जिला मुख्य संयोजक पंचम सिंह बिष्ट ने कहा कि 15 फरवरी को परेड मैदान में शाम छह बजे धरना प्रदर्शन कर सचिवालय तक कैंडल मार्च किया जाएगा। बैठक में मुख्य संयोजक ठाकुर प्रहलाद सिंह, चौधरी ओमवीर सिंह, संदीप मौर्य, रमेश रमोला, शक्ति प्रसाद, नंदकिशोर त्रिपाठी, राकेश, गिरिजानंद समेत कई उपस्थित रहे।