डेंगू का कहर : 10 नए मरीज भर्ती, कई गंभीर
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। स्वास्थ्य विभाग के तमाम प्रयासों के बावजूद डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को डेंगू के 10 नए मरीज सामने आए हैं। सभी मरीजों को जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल समेत अलग अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप है।
जिला मलेरिया अधिकारी सुभाष जोशी के अनुसार शनिवार को डेंगू के 10 नए मरीज सामने आए हैं। इनमें से दो मरीज ऋषिकेश, दो देहरादून के अजबपुर खुर्द शीतला बिहार, एक नेहरू कॉलोनी देहरादून, दो प्रेमपुरी बिजनौर, एक ढालवाला टिहरी गढ़वाल, एक 14 बीघा टिहरी गढ़वाल और एक चौक स्वर्गाश्रम पौड़ी गढ़वाल का है। डेंगू की गिरफ्त में आए सभी मरीजों को हिमालयन अस्पताल समेत अलग अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जहां विशेषज्ञों की टीम उनका इलाज कर रही है। मरीजों के बारे में स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. टीसी पंत, सीएमओ डॉ. एसके गुप्ता समेत अन्य अफसरों ने भी जानकारी ली है। वहीं एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के सामने आने के बाद अफसरों के निर्देश पर डेंगू प्रभावित इलाकोें में एंटी लार्वा स्प्रे कराने के साथ ही लोगों को बचाव के प्रति सचेत किया गया। बता दें, अब तक पूरे राज्य में डेंगू के 39 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से एक मरीज की मौत हो चुकी है।