ब्यूरो, अमर उजाला, देहरादून
जिले में पांच अगस्त को सघन पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। जिसमें 1234 बूथों पर शून्य से पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की ड्राप पिलाई जाएगी। एक भी बच्चा पोलियो दवा से वंचित न रहे। इसके लिए छह से 11 अगस्त तक घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो ड्राप दी जाएगी।
शनिवार को विकास भवन सभागार में पल्स पोलियो अभियान की जिला टास्क फोर्स की बैठक में जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने स्वास्थ्य, बाल विकास, शिक्षा, पंचायतीराज, परिवहन व अन्य विभागों के अधिकारियों को अभियान सफल बनाने की जिम्मेदारी दी। डीएम ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान में निर्माण क्षेत्र, मलिन व अल्पसंख्यक बस्ती, खनन क्षेत्रों में विशेष फोकस कर कार्य योजना बनाई जाए। समय पर सभी बूथों पर पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन पहुंचाई जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग को प्रार्थना सभा में ‘मेरा सपना, पोलियो बिना गांव अपना’ बच्चों को संकल्प दिलाने और पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को बूथ पर ले जाने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के राज्य एसएमओ डा. विकास शर्मा ने बताया कि रायपुर, ऋषिकेश और सहसपुर में पल्स पोलियो अभियान की प्रगति अच्छी है। लेकिन जब तक पड़ोसी देश पाकिस्तान और अफगानिस्तान में पोलियो का वायरस रहने तक इस अभियान को जारी रखना है। बैठक में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. उत्तम सिंह चौहान, मुख्य विकास अधिकारी जीएस रावत, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एसके गुप्ता, एसडीएम मसूरी मीनाक्षी पटवाल, जिला पंचायतीराज अधिकारी, एम जफर खान, जिला कार्यक्रम अधिकारी क्षमा बहुगुणा व अन्य अधिकारी मौजूद थे।