ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
उत्तराखंड परिवहन निगम में कार्यरत पांच हजार से अधिक नियमित कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में दो फीसदी की बढ़ोतरी कर दी गई है। इस बाबत परिवहन निगम के वित्त निदेशक की ओर से आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
बता दें, पहले परिवहन निगमकर्मियों के महंगाई भत्ते में पांच फीसदी की बढ़ोतरी की गई थी, लेकिन कर्मचारी बढ़ोतरी सात फीसदी करने की मांग कर रहे थे। कर्मचारियों की मांग को देखते हुए सरकार और परिवहन निगम निदेशालय ने दो फीसदी की और बढ़ोतरी कर दी है। ऐसे में अब परिवहन निगम के पांच हजार से अधिक नियमित कर्मचारियों को सात फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा। हालांकि महंगाई भत्ते के भुगतान को लेकर कुछ शर्तें भी लगाई गई हैं। वित्त निदेशक की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक एक जनवरी से लेकर 30 अप्रैल 2018 तक के बीच का भुगतान कर्मचारियों के भविष्य निधि खाते में जाएगा। जबकि एक मई 2018 के बाद के महंगाई भत्ते का नकद भुगतान किया जाएगा। उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के प्रदेश महामंत्री रवि पचौरी ने महंगाई भत्ता बढ़ाने पर स्वागत किया है और आउटसोर्स कर्मचारियों का भी महंगाई भत्ता बढ़ाने की मांग की है। इसके अलावा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र भगत, क्षेत्रीय अध्यक्ष रवि रंजन कुमार, क्षेत्रीय मंत्री हरी सिंह, प्रांतीय कोषाध्यक्ष रमेश कुमार, सुदेश शर्मा, अमित सैनी, विपिन वालिया ने आउससोर्स कर्मचारियों को भी दो फीसदी महंगाई भत्ता देने की मांग की है।