ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
अफगानिस्तान-बांग्लादेश के बीच राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज में हाई स्कोरिंग मैच की संभावना कम है। धर्मशाला के पिच क्यूरेटर सुनील चौहान के निर्देशन में तैयार की गई पिच पर बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को लिए बराबर मौके की संभावना जताई जा रही है। पिछले दिनों खेले गए अभ्यास मैचों में भी पिच ने कुछ इसी तरफ इशारा किया है। हालांकि पिच की असली स्थिति आज मैच के दौरान ही पता चलेगी।
स्टेडियम की पिच को तैयार करने में करीब डेढ़ साल का वक्त लगा है। हरियाणा से मिट्टी मंगवाकर पिच बनाई गई। धर्मशाला के पिच क्यूरेटर सुनील चौहान के निर्देशन में बंगलूरू के क्यूरेटरों ने पिच को तैयार किया है। इसके अलावा मैदान पर बरमूडा से लाई गई घास को लगाया गया है। आज पिच पर पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा। बताया जा रहा है कि पिच पर अभी अधिक मैच नहीं होने के चलते यह गेंदबाज और बल्लेबाज दोनों को सपोर्ट करेगी। विकेट नया होने के चलते कुछ स्लो रहने की संभावना है। इस वजह से गेंद थोड़ा रुककर बल्ले पर आएगी। स्टेडियम के नीरज गुप्ता के मुताबिक, इस विकेट पर 170-180 रन का स्कोर सुरक्षित होगा। बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए यह स्कोर चेज करना बेहद कठिन होगा।