ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डीके नौरियाल का इस्तीफा राजभवन ने मंगलवार को स्वीकार कर लिया। राज्यपाल एवं विवि की कुलाधिपति बेबी रानी मौर्य ने यूपी राज्य विवि अधिनियम की धारा 12(7) के तहत उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
आईआईटी रुड़की के डीन स्टूडेंट वेलफेयर एवं अर्थशास्त्र के प्रोफेसर दिनेश कुमार नौरियाल की नियुक्ति 20 मार्च 2017 को कुमाऊं विवि कुलपति के तौर पर की गई थी। प्रो. नौरियाल का 18 वर्ष का शिक्षण और 21 वर्ष का प्रशासनिक अनुभव रहा। उनके 50 से ज्यादा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जर्नल और दो किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। दो वर्ष से अधिक तक उन्होंने काम किया। आठ मई 2019 को उन्होंने राजभवन को निजी कारणों से इस्तीफा भेज दिया। उन्होंने बताया कि आईआईटी रुड़की में वह जिस भवन में रहते हैं, अगर उन्होंने वहां वापस ज्वाइन न किया तो खाली करना पड़ेगा। लिहाजा, उन्होंने कुलपति का पद छोड़ दिया और बुधवार को वह वापस आईआईटी रुड़की ज्वाइन कर लेंगे। उनके इस्तीफे को लेकर तमाम कयासबाजी भी लगाई जा रही है, लेकिन उन्होंने ऐसी किसी भी कयासबाजी से इनकार किया है। उनका कहना है कि केवल निजी कारणों से ही इस्तीफा दिया है।