दून अस्पताल में होगा हृदयरोगों का नि:शुल्क इलाज
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। हृदय रोगियों को अब बड़े निजी अस्पतालों के साथ ही दून अस्पताल में भी नि:शुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी। मैक्स अस्पताल के हृदयरोग विशेषज्ञ सप्ताह में एक दिन शनिवार को मरीजों की जांच करने के साथ ही इलाज करेंगे। दून मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना व दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके टम्टा के व्यक्तिगत प्रयासों के चलते यह पहल की गई है। मैक्स अस्पताल के हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल चंदोला ने प्राचार्य व चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके टम्टा के साथ अस्पताल में चिकित्सकीय सुविधाओं का जायजा लिया।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में दून अस्पताल में कोई कार्डियोलाजिस्ट नहीं है, जिसकी वजह से हृदय रोगियों का इलाज नहीं हो पा रहा है। इलाज कराने के लिए मरीजों-तीमारदारों को बड़े निजी अस्पतालों में जाना पड़ता है जो गरीब मरीजों के लिए बहुत महंगा पड़ता है। दून अस्पताल में करीब डेढ़ साल पहले एकमात्र कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ. केबी जोशी की तैनाती गई थी लेकिन उनका स्थानांतरण हो जाने के बाद से किसी नए हृदयरोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं की गई है। जबकि अस्पताल में न केवल शहर व राज्य के मरीज बल्कि पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों के मरीज भी इलाज कराने आते हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके टम्टा का कहना है कि इस सुविधा के शुरू होने से हजारों मरीजों को लाभ मिलेगा।
डॉ. टम्टा ने बताया कि अस्पताल में अब टीएमटी, ट्रेडमिल टेस्ट की सुविधा शुरू कर दी गई है, जबकि ईको की सुविधा पहले से ही है। अस्पताल में नया ओटी ब्लाक तैयार होने के साथ ही इसी में कॉर्डियक ओटी भी शुरू कर दी जाएगी। दून अस्पताल में जल्द ही कैथ लैब की भी सुविधा शुरू कर दी जाएगी। इस दौरान डॉ. विजय भंडारी, पीआरओ महेंद्र भंडारी आदि उपस्थित थे।