‘दूर डांडियों गौं गुठ्यार-होलु मेरू मायादार’ रिलीज
ब्यूरो/अमर उजाला, मसूरी।
एजी मेरा मैत मां जात्रा च ऐंसु... से श्रोताओं के दिलों पर अपनी छाप छोड़ने वाली युवा लोक गायिका प्रेरणा भंडारी का नया गढ़वाली गीत दूर डांडियों गौं गुठ्यार-होलु मेरू मायादार... बुधवार को रिलीज हो गया। इस गीत के जरिये प्रेरणा ने पहाड़ की खूबसूरती, गढ़वाल की संस्कृति और पलायन का दंश झेल रहे पहाड़ की दशा को अनोखे अंदाज में उजागर किया है, जिसे काफी पसंद किया जा रहा है।
बुधवार को किताब घर स्थित एक होटल में निवर्तमान सभासद अनुज गुप्ता, चंद्रवीर गायत्री, मुकेश लाल, संजय कुमोला और प्रेरणा के पिता प्रदीप भंडारी ने संयुक्त रूप से गढ़वाली गीत को रिलीज किया। मुख्य अतिथि अनुज गुप्ता ने कहा कि मसूरी ने कई लोक गायकों, कलाकारों को पहचान दिलाई है। प्रेरणा ने भी अपनी आवाज से श्रोताओं का दिल जीता है। गायिका प्रेरणा ने बताया कि उत्तराखंड का युवा अपनी संस्कृति से दूर होता जा रहा है। जबकि हमारी लोक संस्कृति आज देश विदेश में जानी जा रही है। लिहाजा इसके संवर्धन एवं संरक्षण के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि दूर डांडियों गौं गुठ्यार-होलु मेरू मायादार... के माध्यम से उन लोगों को एक संदेश देने की कोशिश की गई है, जो शहर की चमक धमक देखकर गांव छोड़कर चले गए हैं। अलबम में एक और खास बात है कि यह महिला प्रधान ऑडियो वीडियो है। इसमें गायन से लेकर अभिनय तक हर भूमिका महिलाओं की है। इसमें संगीता गुसाईं, अंशिका भंडारी, निशा नेगी, हिमानी रावत ने भी अभिनय किया है। मौके पर गंभीर जयाड़ा, डॉ. जितेंद्र पंवार, कांता प्रसाद, बृजेश भट्ट, राकेश भदोला समेत अन्य लोग मौजूद रहे।