गोपेश्वर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने पीजी कॉलेज गोपेश्वर में समस्त सेमेस्टर कक्षाओं के मुख्य और बैक परीक्षा परिणाम अभी तक घोषित न होने पर गढ़वाल विवि प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर कुलपति का पुतला फूंका। आक्रोशित छात्रों ने कहा कि अंकतालिका नहीं मिलने से छात्र-छात्राएं आगे की कक्षाओं में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। वे किसी प्रतियोगी परीक्षा में भी प्रतिभाग नहीं कर पा रहे हैं।
परिषद के जिला संयोजक अमित मिश्रा और जिला प्रमुख राहुल फर्सवाण के नेतृत्व में छात्रों ने महाविद्यालय परिसर में गढ़वाल विवि के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद प्राचार्य के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन भेजकर छात्रों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन में कहा गया है कि बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए और बीएड संकाय की वर्ष के शुरुआत में हुई मुख्य परीक्षा के परिणाम अभी तक भी घोषित नहीं किए गए हैं, जबकि वर्ष 2017-18 में आयोजित बैक परीक्षा का परीक्षाफल भी अभी तक नहीं आया है, जिससे छात्र-छात्राएं परेशान हैं। कहा गया कि विवि प्रशासन की लेट-लतीफी के कारण कई छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं से वंचित रह गए हैं। निर्णय लिया गया कि यदि जल्द परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया गया तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। प्रदर्शन में नगर संगठन मंत्री प्रवीण असवाल, विपिन फर्सवाण, अजय भंडारी, शुभम रावत, अजय राणा, अभिषेक मिश्रा, मयंक रावत, कुलदीप, कैलाश, पवनेश आदि शामिल थे।
क्रमिक अनशन जारी
गोपेश्वर। पीजी कॉलेज गोपेश्वर में बीए, बीएससी और बीकॉम के साथ ही बीएड संकाय में सीटें बढ़ाने की मांग पर एनएसयूआई के छात्र-छात्राओं का क्रमिक अनशन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। सोनिया ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष लोकेंद्र रावत, प्रदेश संगठन मंत्री उदय सिंह रावत, राजेंद्र सिंह नेगी, संजय आर्य, राकेश गोदियाल और दीपक बिष्ट ने अनशन स्थल पर जाकर छात्रों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष संदीप नेगी और छात्रसंघ अध्यक्ष सुधीर बिष्ट ने कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा। ब्यूरो