बृजमोहन अध्यक्ष, विजय उपाध्यक्ष चुने गए
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। बद्री-केदार विकास समिति के चुनाव के बाद बृजमोहन भट्ट अध्यक्ष और विजय प्रसाद खाली उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए हैं। जबकि मुकेश राणा सचिव और मातवर सिंह बडियारी निर्विरोध चुने गए। विष्णु दत्त बेंजवाल, रमाकांत बेंजवाल, उमेश चंद थपलियाल, गजपाल सिंह बिष्ट, भूदेव चंद्र सेमवाल, जगदीश प्रसाद सेमवाल और विश्वनाथ बेंजवाल को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया है।
रविवार को नगर निगम स्थित सभागार में चुनाव अधिकारी डॉ. उमा भट्ट, एसवी थपलियाल और डॉ. शशि भट्ट ने समिति के चुनाव संपन्न कराए। दोपहर दो बजे तक हुई वोटिंग में समिति के 151 सदस्यों ने मतदान किया, इसके बाद मतों की गिनती की गई। जिसके बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की गई। समिति के पूर्व अध्यक्ष बीपी किमोढ़ी ने बताया कि 2007 से समिति चमोली और रुद्रप्रयाग में अपने समाज की बोली-भाषा और संस्कृति को बचाने के लिए काम कर रही है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष बृजमोहन भट्ट ने कहा कि सबके सहयोग से समाज का विकास किया जाएगा।