ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रविवार को श्री दरबार साहिब जाकर मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने महंत देवेंद्र दास के साथ प्रदेश में पलायन रोकने और अन्य विकास कार्यों पर चर्चा की। दोनों के बीच हुई शिष्टाचार भेंट में प्रदेश में जैविक खेती को बढ़ावा देने पर भी विचार विमर्श किया गया।
रविवार शाम को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत महंत देवेंद्र दास से शिष्टाचार भेंट के लिए पहुंचे। उन्होंने दरबार साहिब की परंपरानुसार वहां मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। इसके बाद महंत देवेंद्र दास और मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं के बारे में चर्चा की। मुख्यमंत्री और महंत देवेंद्र दास के बीच हुई वार्ता में प्रदेश में जैविक खेती की संभावनाओं पर भी बातचीत हुई। महंत देवेंद्र दास ने कहा कि प्रदेश में जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना की।