ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
हरीश रावत सरकार के समय हुए 400 शिक्षकों के तबादलों को बहाल करने की मांग पर शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने जल्द ही निर्णय का आश्वासन दिया है। शिक्षक सोमवार को शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय से मुलाकात करने सचिवालय पहुंचे थे। इस दौरान शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री जल्द ही इस मुद्दे पर फैसला लेंगे।
बता दें विधानसभा चुनाव दौरान करीब 400 शिक्षकों के तबादले हुए थे। कुछ समय पूर्व मौजूदा सरकार ने इन तबादलों को निरस्त कर दिया। अब शिक्षक तबादले बहाल करने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं और कुछ दिनों से शिक्षा निदेशालय में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को करीब तीन दर्जन शिक्षक सचिवालय पहुंचे और शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय से मुलाकात की। शिक्षकों के अनुसार शिक्षा मंत्री ने इस मुद्दे पर जल्द ही मुख्यमंत्री से बातचीत कर हल निकालने का आश्वासन दिया है। मुलाकात करने वालों में अध्यक्ष वीरेंद्र्र भंडारी, महामंत्री भूपेंद्र बिष्ट, भवानी प्रसाद बिजल्वाण, राजेश्वरी पैन्यूली, मधुसूदन, राकेश प्रसाद नौटियाल, सुमन रावत, मनोरमा सजवाण, ऊषा गौड़ आदि शिक्षक शामिल रहे।