प्री क्वार्टर फाइनल में हारे लक्ष्य और कुहू
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
न्यूजीलैंड के ऑकलैंड शहर में चल रही बीडब्ल्यूएफ बारफुट एंड थॉम्पसन न्यूजीलैंड ओपन-2018 टूर्नामेंट में कुहू गर्ग और लक्ष्य सेन प्री क्वार्र्टर फाइनल तक पहुंच गए लेकिन प्री क्वार्टर फाइनल में हार से दोनों टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के लक्ष्य सेन का प्री क्वार्टर फाइनल में टॉप सीड और पूर्व ओलंपिक चैंपियन चीन के लींदान के साथ हुआ। मुकाबले में लक्ष्य सेन ने लींदान को जबरदस्त टक्कर दी लेकिन वह मुकाबला जीत नहीं पाए। लक्ष्य ने पहला सेट 21-15 से जीता। इसके बाद दूसरे व तीसरे सेट में वापसी करते हुए लींदान ने 15-21 व 12-21 से मैच अपने नाम किया। इससे पूर्व लक्ष्य ने पहले मुकाबले में मलेसिया के जून वह्चें को सीधे सेटों में 21-11 व 21-16 से हराया था।
वहीं कुहू ने भी अपने जोड़ीदार रोहन कपूर के साथ के साथ मिश्रित युगल में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कुहू और रोहन की जोड़ी ने पहले मुकाबले में इसरायल की जोड़ी मिशा जिल्बरिया व पोलिकर्पोना को 11-21, 21-7 व 21-10 से हराकर कर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। प्री क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला टॉप सीड थाईलैंड की जोड़ी दचापोल व सपिश्री तेरात्तानाचन से हुआ। जिसमें कुहू और रोहन की जोड़ी को 11-21, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा। टूर्नामेंट में लक्ष्य और कुहू के अच्छे प्रदर्शन पर उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन के पदाधिकारियों ने सराहना की है।