अतिक्रमण हटाने पर पुलिस से भिड़े दुकानदार, हंगामा
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस से व्यापारी भिड़ गए। गुस्साए दुकानदारों ने तहसील चौक पर जाम लगा दिया। इससे तहसील चौक के आसपास वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाया। बाद में व्यापारियों ने सिटी कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया।
तहसील चौक पर दुकानों, ठेलियों और रेहडियों के कारण आए दिन जाम लगता है। मंगलवार दोपहर में कोतवाली पुलिस अतिक्रमण हटाने के लिए वहां पहुंची। जैसे ही पुलिस ने दुकानदारों के किए हुए अतिक्रमण को हटाना शुरू किया तो वे भड़क गए। उन्होंने सरकार पर उजाड़ने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए दुकानदारों ने चौक पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक चौक पर हंगामे की स्थिति बनी रही। हंगामा बढ़ने की सूचना पर आसपास के क्षेत्रों से भी पुलिस वहां पहुंच गई और दुकानदारों को हटाकर जाम खुलवाया। पुलिस को यातायात सुचारु करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इसके बाद दुकानदार शहर कोतवाली पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अतिक्रमण हटाने के नाम पर मनमानी करती है। दुकानदारों ने पुलिस पर मारपीट करने और सामान फेंकने का आरोप लगाया। व्यापारियों ने बाजार बंद करने की चेतावनी दी, लेकिन पुलिस अधिकारियों और व्यापारियों नेताओं के समझाने पर सभी शांत होकर वापस लौट गए।