ब्यूरो/अमर उजाला /देहरादून।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बृहस्पतिवार को अजबपुर और आईएसबीटी फ्लाई ओवर तथा डाट काली मंदिर के पास बन रही टनल का निरीक्षण किया। जहां धीमे निर्माण को देख मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी। उन्होंने दोनों फ्लाईओवरों का कार्य राज्य के स्थापना दिवस से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं फ्लाईओवरों के दोनों तरफ सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से बन रहे अजबपुर और आईएसबीटी फ्लाईओवर का कार्य देखने पहुंचे। इस दौरान कार्यदायी संस्था ने अजबपुर फ्लाईओवर के ऊपर बिजली लाइन होने के चलते हो रही दिक्कतों की जानकारी दी। जिस पर मुख्यमंत्री ने सचिव ऊर्जा को कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, उन्होंने फ्लाईओवर के कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मोहकमपुर फ्लाईओवर की कार्यप्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस से पूर्व दोनों फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए।
इसके बाद मुख्यमंत्री रावत ने डाटकाली टनल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने टनल का निर्माण कार्य एक वर्ष के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, टनल के दोनों ओर प्रवेश द्वार में प्रदेश की सांस्कृतिक विशेषताओं की झलक दिखाने को लेकर सुंदरीकरण करने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ओम प्रकाश, जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन, एसएसपी निवेदिता कुकरेती, सुनील उनियाल गामा और महानगर अध्यक्ष विनय गोयल आदि मौजूद रहे।