ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के प्रतिनिधिमंडल ने सिख (भाट) को पिछड़ी जाति में शामिल करने के लिए बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन से ज्ञापन सौंपा है। प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को पूर्व विधायक राजकुमार के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिलने पहुंचा था।
पूर्व विधायक राजकुमार का कहना है कि पूर्ववर्ती हरीश रावत सरकार ने भाट परिवारों को पिछड़ी जाति में शामिल करने का प्रस्ताव कैबिनेट में रखा था। इसके बाद भाट परिवारों के गरीब बच्चों की छात्रवृत्ति, आर्थिक सहायता स्वीकृत हुई। उत्तराखंड में सरकार बदलने के बाद उक्त मामले की पत्रावली लंबित हो गई है। राजकुमार ने कहा कि सिख भाट परिवार आर्थिक रूप से बेहद पिछड़े हैं। इसके चलते भाट परिवारों के बच्चे शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में महेंद्र सिंह, शमशेर सिंह, गुरु सेवक सिंह, पप्पू सिंह, हेम सिंह, बॉबी सिंह, गुलशन सिंह, गुरबख्श सिंह, तिलका सिंह और बॉबी कुमार शामिल थे।