ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
शहीद स्मारक के पास पुस्तकालय बनाया जाएगा। पुस्तकालय में राज्य आंदोलन पर लिखी और इससे जुड़ी पुस्तकें रखी जाएंगी। उत्तराखंड संस्कृति निदेशालय की निदेशक बीना भट्ट के मुताबिक पुस्तकालय का भवन बनकर तैयार हो गया है। इसी महीने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पुस्तकालय का लोकार्पण करेंगे।
नगर निगम की ओर से शहीद स्मारक के पास बने भवन के प्रथम तल पर पुस्तकालय के लिए भवन बनाया गया था। इस पुस्तकालय भवन में राज्य आंदोलन का इतिहास एवं आंदोलन से जुड़ी पुस्तकें रखी जाएंगी। पुस्तकालय में कोई भी व्यक्ति प्रवेश कर सकेगा। संस्कृति निदेशक ने कहा कि पुस्तकालय भवन पूर्व में बनाया जाना था, लेकिन किन्हीं कारणों से यह नहीं बन पाया था। विभाग को भवन हस्तांतरण के बाद अब इसे बनाया जा रहा है। राज्य आंदोलनकारी मंच के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुकरेती ने कहा कि आंदोलनकारी मंच के प्रस्ताव पर नगर निगम की ओर से पुस्तकालय भवन बनाया गया था। जिसे काफी समय बाद भी शुरू नहीं किया जा सका है।