करंट की चपेट में आने से तकनीशियन घायल
बिजली सप्लाई बंद होने पर चढ़ा था पोल पर, लुढ़कते हुए पेड़ पर अटका
अमर उजाला ब्यूरो
देवप्रयाग। मोबाइल फोन टावर की बिजली सप्लाई बंद होने पर विद्युत पोल पर चढ़ा तकनीशियन करंट का झटका खाकर लुढ़कते हुए पेड़ पर अटक गया। आस पास मौजूद लोग और पुलिस के बचाव दल बड़ी मशक्कत कर उसे सड़क तक लाए। पुलिस ने उसे उपचार के लिए 108 से राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर भेजा, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे रेफर कर दिया गया।
देवप्रयाग बाजार में एक टावर कंपनी का तकनीशियन रवि (25 वर्ष) निवासी बिजनौर बृहस्पतिवार सुबह टावर में बिजली न आने पर मेन लाइन की जांच करने पोल पर चढ़ गया। पोल पर चढ़ते ही उसे करंट लगा और वह करीब 150 मीटर नीचे जोगियाना भेल में जा गिरा। रवि के गिरते ही लोग जोगियाना भेल की और दौड़ पड़े। स्थानीय विशंभर, भीम और प्रमोद पत्थर पकड़ कर खाई में उतरे और उसे ढूंढने लगे, लेकिन रवि दिखाई दिया।
रवि को करंट लगकर नीचे गिरते हुए ठीक सामने नदी पार राजकीय इंटर कालेज के शिक्षक राजेश भट्ट ने देख लिया था। उन्होंने बचाव के लिए लोगों को इशारा किया। रवि एक पेड़ पर फंसा हुआ मिला। उन्होंने पेड़ से रवि को उतारा। तभी थाने से एसआई मदन सिंह रावत अपनी टीम के साथ पहुंच गए। बचाव दल ने रस्सी और स्ट्रेचर के सहारे रवि को 50 मीटर नीचे मेन मार्केट में उतारा। जहां से उसे अस्पताल भेजा गया।