यूपी सिंचाई विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से बुधवार को दूसरे दिन भी कलियर में अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में झुग्गी झोपड़ियां और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान अधिकारियों से लोगों की नोकझोंक भी हुई, लेकिन पुलिस बल के आगे विरोध कर रहे लोगों की एक नहीं चली।
कलियर में यूपी सिंचाई विभाग की भूमि पर मंगलार को 150 से अधिक अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए गए थे। बुधवार को लगातार दूसरे दिन क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ जेसीबी गरजी। इससे पहले यूपी सिंचाई विभाग के एसडीओ अवधेश कुमार शर्मा, नायब तहसीलदार प्रीतम सिंह, नायब तहसीलदार चित्रकुमार त्यागी भारी पुलिस बल व डेढ़ प्लाटून पीएसी के साथ तीन जेसीबी लेकर कलियर पहुंचे। अधिकारियों ने धनौरी रोड पर से 200 से अधिक झुग्गी झोपड़ी हटाई। इसके अलावा पीपल चौक, सोहलपुर रोड पार्किंग के पास से सैकड़ों अस्थाई दुकानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। कुछ अस्थाई दुकानदारों ने नुकसान से बचने के लिए रात को ही अपनी दुकानें खोल कर सामान अपने अपने घर ले गए थे। वहीं कुछ दुकानदारों से अधिकारियों की नोकझोंक भी हुई। कुछ दुकानदारों ने यूपी सिंचाई विभाग की ओर से काटी गई रसीद दिखाकर दुकानें नहीं हटाने की गुहार लगाई। इस पर अधिकारियों ने साफ तौर पर मना कर दिया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हड़कंप की स्थिति रही। पुरुषों के साथ ही महिलाएं और बच्चे भी हाथ जोड़कर झोपड़ी बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन अधिकारियों ने किसी की एक न सुनी। यूपी सिंचाई विभाग के एसएचओ अवधेश कुमार शर्मा का कहना है कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर उनकी आरसी काटकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इस मौके पर थाना प्रभारी देवराज शर्मा, अपर तहसीलदार आशीष घिल्डियाल, नायब तहसीदार प्रीतम सिंह, चित्रकुमार त्यागी, जिलेदार संजय सचदेवा, अमीन दिवेश कुमार, इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी केदार सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।